योगी के नेतृत्व में यूपी में आया ‘राम राज्य’, 2029 से पहले बनेगा वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी: उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन

काशी तमिल संगमम् 5.0 का उद्घाटन: उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तुलना तमिलनाडु के पूर्व सीएम कामराज से की
सांस्कृतिक एकता पर जोर: बोले- भाषाएं अनेक हो सकती हैं, पर राष्ट्र भाव एक; तमिलनाडु के युवा प्रांत में राष्ट्रीयता की भावना को आगे बढ़ाएं
वाराणसी 28नवंबर :भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को धर्मनगरी काशी में ‘काशी तमिल संगमम् 5.0’ का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में केवल भव्य राम मंदिर का निर्माण ही नहीं हुआ है, बल्कि यहां वास्तविक अर्थों में ‘राम राज्य’ स्थापित हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2029 की निर्धारित समयसीमा से पहले ही उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनकर उभरेगा।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि कभी पतन की स्थिति से गुजर रहा उत्तर प्रदेश आज विकास के शिखर पर पहुंच चुका है और देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था इतनी सुदृढ़ है कि आज गली-गली में हर महिला निर्भय होकर आ-जा सकती है। देश की कुल जीडीपी में उत्तर प्रदेश का योगदान नौ प्रतिशत तक पहुंच गया है।
यूपी के लिए वही स्थान योगी का, जो तमिलनाडु में कामराज का था
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपने 20 वर्ष से अधिक पुराने आत्मीय संबंधों को याद करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा, “1998 में जब हम दोनों संसद में अगल-बगल बैठते थे, तब एक-दूसरे के भाषणों को बड़े स्नेह से सुनते थे। तमिलनाडु के विकास में जो स्थान कामराज का था, आज उत्तर प्रदेश के लिए वही स्थान योगी महाराज का है।” उन्होंने अयोध्या के भव्य दीपोत्सव और पिछले वर्ष रामेश्वरम् में संगमम् के चौथे संस्करण के समापन समारोह से जुड़े अपने अनुभवों को भी साझा किया।
कर्मयोगी पीएम और विरक्त योगी के काल में बढ़ रहा तमिल का वैभव
संत तिरुवल्लुवर और उनके अमर ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ को समर्पित इस पांचवें संस्करण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह ग्रंथ पूरी मानवता की अमानत है। केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान के प्रयासों से 10 विदेशी भाषाओं सहित कुल 50 भाषाओं में इसका अनुवाद हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र में एक कर्मयोगी प्रधानमंत्री और यूपी में ‘मुझे कुछ नहीं चाहिए’ का भाव रखने वाले विरक्त भगवाधारी योगी के कालखंड में तमिल का वैभव वैश्विक स्तर पर बढ़ रहा है। हाल ही में ब्रिक्स समिट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को रूसी भाषा में अनूदित तिरुक्कुरल भेंट करना इसका प्रमाण है।
तमिलनाडु में राष्ट्रीयता को आगे बढ़ाएं युवा
उपराष्ट्रपति ने इस धारणा को खारिज किया कि भारत को अंग्रेजों ने एक देश बनाया। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में चेर, चोल, पांड्य और पल्लव जैसे राजनीतिक विभाजन होने के बावजूद हम सांस्कृतिक और भावनात्मक रूप से सदैव एक रहे हैं। कामराज और मुत्तुरामलिंग तेवर के बाद तमिलनाडु में राष्ट्रीयता को प्रमुखता देने वाले नेतृत्व की कमी पर चिंता जताते हुए उन्होंने संगमम् में आए 1,400 प्रतिभागियों व युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा विश्वनाथ से आशीर्वाद लेकर तमिलनाडु लौटें और प्रांत को राष्ट्रीयता की ओर आगे बढ़ाएं।
काशी से सदियों पुराना नाता, 2047 में विकसित भारत अटल
काशी को दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी बताते हुए उन्होंने 450 वर्ष पहले यहां बसे नाट्टुकोट्टई के नगरत्तार समुदाय, तमिल बुनकरों और महाकवि सुब्रमण्य भारती का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने से दुनिया की कोई शक्ति नहीं रोक सकती। आज के वैश्विक संकटों के बीच भारत की ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ और तमिल कवि कणियन पूंगुंड्रनार की ‘यादुम ऊरे यावरुम केळिर’ (सारा जगत हमारा है) की भावना मानवता को राह दिखा रही है। कार्यक्रम में उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी की कार्यशैली की भी सराहना की और विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री की दूरगामी दृष्टि से एक दिन गंगा और कावेरी का संगम अवश्य साकार होगा।






