पूर्वांचल

विद्युत विभाग :पूर्वांचल डिस्कॉम में त्योहार की चमक: ढाई फीट के शाही हैम्पर ने उड़ाई सबकी नींद और होश!

वाराणसी05नवंबर :पूर्वांचल डिस्कॉम मुख्यालय की तीसरी मंजिल पर गुरुवार को उस वक्त अफरातफरी और कौतूहल का माहौल बन गया, जब लिफ्ट से ढाई फीट ऊंचा एक भव्य गिफ्ट हैम्पर उतरता हुआ देखा गया। हैम्पर की लंबाई-चौड़ाई देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों के कान खड़े हो गए और ‘स्मार्ट मीटर’ की तरह दिल की धड़कनें भी तेज हो गईं।

हैम्पर की ‘स्मार्ट’ एंट्री, साहब चकित!

विद्युत सप्लाई में भले ही कभी-कभी वोल्टेज अप-डाउन हो जाए, लेकिन ठेकेदारों और कार्यदायी संस्थाओं के ‘गिफ्ट डिलीवरी नेटवर्क’ की फ़्रीक्वेंसी एकदम सटीक बनी हुई है।

गिफ्ट हैम्पर को इतनी ‘स्मार्ट’ और योजनाबद्ध पैकेजिंग के साथ तीसरी मंजिल तक पहुंचाया गया कि उसे देखकर बड़े-बड़े अफसर और बाबू भौंचक्के रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हैम्पर की साइज देखकर एक पल को लगा कि कार्यदायी संस्था वाले दिवाली के तोहफे में कहीं नया ‘ट्रांसफॉर्मर’ या ‘स्मार्ट मीटर का डेटा कंसंट्रेटर’ तो पैक करके नहीं ले आए!

सीढ़ियों से लेकर लिफ्ट तक कार्यदायी संस्थाओं की लाइन

दीवाली का त्योहार पास आते ही पूर्वांचल डिस्कॉम के दफ्तरों में कार्यदायी संस्थाओं और वेंडरों की कतारें देखने लायक हैं। फाइलों की मंजूरी, बिलों के भुगतान और आने वाले टेंडरों की ‘स्मूथ रनिंग’ के लिए ठेकेदार पूरी निष्ठा के साथ ‘दीवाली सर्विंग’ में जुट गए हैं।

गैलरी में खड़े एक कर्मचारी ने चुटकी लेते हुए कहा “साहब, पूरे साल भले ही फील्ड में तार जोड़ने में देरी हो जाए, लेकिन दिवाली के हफ्ते में डिस्कॉम की तीसरी मंजिल तक ‘गिफ्ट हैम्पर लाइन’ की कनेक्टिविटी में 1% का भी ट्रांसमिशन लॉस नहीं होता!”

फिलहाल, तीसरी मंजिल पर ढाई फीट के इस ‘रॉयल हैम्पर’ की चर्चा पूरे डिस्कॉम में चाय की चुस्कियों के साथ चटकारे लेकर ली जा रही है, और बाकी मंजिलों के दफ्तर भी अब टकटकी लगाए लिफ्ट के दरवाजे खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
अब देखना यह है कि कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए गए दीवाली की खुशियों का यह ‘हाई-वोल्टेज इंतजाम’ डिस्कॉम की हर कुर्सी और हर कर्मचारी की झोली में उजाला करेगा, या फिर यह रोशनी सिर्फ कुछ ‘चुनिंदा चेहरों’ के ही हिस्से आएगी।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button