अश्विनी वैष्णव ने किया बरेका का दौरा: सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि, कैंटीन में कर्मचारियों संग किया भोजन

वाराणसी31अक्टूबर :भारत सरकार के केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा किया। दौरे की शुरुआत में उन्होंने बरेका के स्वागती हॉल में भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। मंत्री ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और एकीकरण में सरदार पटेल के अद्वितीय योगदान को याद करते हुए उन्हें अविस्मरणीय बताया।
कर्मचारियों संग कैंटीन में खाया खाना
दौरे का सबसे खास क्षण तब देखने को मिला जब रेल मंत्री औपचारिकताओं को छोड़ सीधे बरेका कर्मचारी कैंटीन पहुंचे और कर्मचारियों के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया। सहज वातावरण में भोजन करते हुए उन्होंने कर्मचारियों से उनकी कार्यप्रणाली, कैंटीन की सुविधाओं, अनुभवों और सुझावों के बारे में जानकारी ली। देश के रेल मंत्री को अपने बीच पाकर कर्मचारी उत्साहित नजर आए और उनके इस आत्मीय व्यवहार की जमकर सराहना की।
कर्मचारी संगठनों और महिला कर्मियों से सीधा संवाद
इसके बाद रेल मंत्री ने बरेका कर्मचारी परिषद, एससी/एसटी एसोसिएशन, बीएलडब्ल्यू मजदूर संघ और मेंस कांग्रेस ऑफ बीएलडब्ल्यू के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। कर्मचारी संगठनों ने अपनी मांगों व समस्याओं से संबंधित ज्ञापन मंत्री को सौंपे, जिस पर उन्होंने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विशेष संवाद सत्र के दौरान उन्होंने बरेका की महिला कर्मचारियों से भी बातचीत की। मंत्री ने कार्यस्थल पर सुरक्षित व अनुकूल वातावरण, बेहतर सुविधाओं और रेलवे में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर चर्चा करते हुए रेलवे के विकास में उनकी भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सतीश कुमार, बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप यादव समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे। रेल मंत्री के इस दौरे से बरेका परिवार में विशेष उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार देखा गया।






