पूर्वांचल

काशी-तमिल संगमम 5.0 का भव्य आगाज: उपराष्ट्रपति ने किया शुभारंभ, ‘तिरुक्कुरल’ के जरिए जुड़ेंगे उत्तर और दक्षिण

वाराणसी 28 नवंबर :काशी और तमिलनाडु के प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को नई ऊंचाई देने वाले ‘काशी-तमिल संगमम’ के पांचवें संस्करण का वाराणसी के नमो घाट पर भव्य शुभारंभ हुआ। देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने संयुक्त रूप से इस ऐतिहासिक आयोजन का उद्घाटन किया।

एआई (AI) तकनीक से भाषा की दीवार हुई खत्म

इस बार के संगमम की सबसे बड़ी विशेषता आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सफल उपयोग रहा। उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने तमिल भाषा में अपना उद्बोधन दिया, जिसका एआई तकनीक के माध्यम से 22 भारतीय भाषाओं में सीधा प्रसारण किया गया। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के हिंदी भाषणों को दर्शकों ने 11 भारतीय भाषाओं में लाइव सुना। उद्घाटन अवसर पर नमो घाट पर 1,750 मेहमान प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहे, जबकि लगभग 3,000 विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम के साक्षी बने।

क्या है इस बार की थीम?

पांचवें संस्करण की थीम ‘तिरुक्कुरल पायिलवोम’ (आओ तिरुक्कुरल सीखें) रखी गई है। यह महान तमिल कवि और दार्शनिक संत तिरुवल्लुवर की कालजयी रचना ‘तिरुक्कुरल’ पर आधारित है, जिसमें दो-दो पंक्तियों के दोहों के जरिए जीवन, नैतिकता और सामाजिक मूल्यों की सीख दी गई है। इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए तमिलनाडु से हिंदी के करीब 50 विशेषज्ञ उत्तर प्रदेश आ रहे हैं, जो काशी, प्रयागराज और अयोध्या के विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल के दर्शन से रूबरू कराएंगे।

1,400 प्रतिभागी करेंगे काशी, प्रयागराज और अयोध्या का भ्रमण

इस आयोजन के लिए देश भर से प्राप्त 46 हजार आवेदनों में से 1,400 प्रतिभागियों का चयन किया गया है, जिन्हें 200-200 के सात समूहों में वाराणसी लाया जा रहा है। इसी कड़ी में तमिलनाडु से 250 छात्रों का पहला जत्था शुक्रवार को काशी पहुंच चुका है।

यात्रा का स्वरूप: कुल 8 दिनों के इस कार्यक्रम में 4 दिन आवागमन और 4 दिन भ्रमण व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए निर्धारित हैं।

प्रमुख पड़ाव: प्रतिभागी काशी के बाद प्रयागराज और अयोध्या की धार्मिक व सांस्कृतिक यात्रा पर भी जाएंगे।

प्रमुख संस्थानों की सहभागिता

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय इस आयोजन का नोडल मंत्रालय है, जबकि भारतीय भाषा समिति, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) और आईआईटी मद्रास (IIT Madras) इसके सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। संगमम की नोडल अधिकारी प्रो. आंचल श्रीवास्तव और समन्वयक डॉ. उमेश सिंह ने बताया कि यह मंच युवाओं को अपनी रचनात्मकता और सांस्कृतिक समझ प्रदर्शित करने का अनूठा अवसर प्रदान करेगा।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button