पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा परिणाम निरस्त होने पर सपा का प्रदर्शन, एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा ज्ञापन

वाराणसी28नवंबर :उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित पीसीएस-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त होने के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं ने आवाज बुलंद की। सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि परीक्षा परिणाम निरस्त होने के मामले में सरकार अपनी जवाबदेही तय करे। एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि आयोग और सरकार की लापरवाही का खामियाजा प्रदेश के लाखों मेहनती अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ रहा है, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा को जल्द से जल्द पुनः आयोजित कराया जाए और अभ्यर्थियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर सपा नेता दिलशाद अहमद, अजय चौरसिया, आलोक सौरभ, सौरभ आनंद, ईशान श्रीवास्तव, राहुल सिंह यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।






