ताज़ातरीन

विद्युत विभाग :आंधी में गिरा ट्रांसफार्मर, नहर में मिली खाली बॉडी,गोरखपुर में बिजली विभाग की लापरवाही फिर बेनकाब!

गोरखपुर 24नवंबर : सरकारी संपत्ति की रखवाली किसके भरोसे है, इसका कड़वा सच एक बार फिर सामने आ गया है. विद्युत वितरण खंड गुलरिया के मदरहवां (खुटहन) उपकेंद्र क्षेत्र में 29 अक्टूबर को आंधी में गिरे 10 केवीए ट्रांसफार्मर का कीमती कॉपर और सामान गायब हो गया, जबकि उसकी खाली बॉडी चार किलोमीटर दूर नहर में पड़ी मिली. सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि इतना बड़ा माल गायब हो गया और जिम्मेदार अभियंताओं को इसकी भनक तक नहीं लगी.

कैसे हुआ खेल: आंधी में गिरा ट्रांसफार्मर, नहर में मिली खाली खोली

मौके पर पड़ा रहा सरकारी माल: मदरहवां (खुटहन) उपकेंद्र के जंगल डुमरी नंबर दो के खपड़हवा में पश्चिम फोरलेन किनारे लगा 10 केवीए ट्रांसफार्मर 29 अक्टूबर को आंधी में पोल समेत गिर गया था. ग्रामीणों ने सूचना दी, लेकिन विभाग ने समय पर उठाने की जहमत नहीं उठाई और उपभोक्ताओं ने पास के ट्रांसफार्मर से काम चला लिया.

कॉपर गायब, ‘खोली’ नहर में फेंकी: आरोप है कि अभियंताओं की कथित शह पर लाइनमैनों ने ट्रांसफार्मर गायब कर दिया. शनिवार को ग्राम सभा खुटहन के पीछे रानी छावनी पुल के पास नाले में ट्रांसफार्मर की बॉडी मिलने का वीडियो वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया. मौके पर जांच में सामने आया कि 50 हजार रुपये से अधिक कीमत का कॉपर वायर और अन्य सामान गायब कर दिया गया है और केवल खाली बॉडी ही बची है, जो खपड़हवा से करीब चार किलोमीटर दूर मिली.

‘सवाल यह है कि फील्ड में गिरी संपत्ति की निगरानी न होना क्या सीधी लापरवाही नहीं है?

दिखावे की दौड़ और सन्नाटा: ग्रामीणों के अनुसार शनिवार को मामला मीडिया में आने के बाद कार्यवाहक जेई श्यामू सिंह मौके पर पहुंचे, जांच और मुकदमा दर्ज कराने की बात कहकर चले गए, लेकिन रविवार को कोई अभियंता मौके पर नजर नहीं आया.

ग्रामीणों का तीखा सवाल: स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि अगर समय रहते ट्रांसफार्मर उठा लिया गया होता तो यह चोरी नहीं होती. सरकारी नुकसान के लिए जवाबदेही तय करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है.

यह कोई इकलौती घटना नहीं: लापरवाही और कार्रवाई का पुराना हिसाब

यह मामला अकेला नहीं है, बल्कि सिस्टम की ढिलाई और अधूरी कार्रवाई की उस लंबी फेहरिस्त को और गहरा करता है जिस पर लोगों का गुस्सा उबल रहा है:

भटहट में 40 लाख का ट्रांसफार्मर कांड: पिछले साल भटहट उपकेंद्र में रखे तीन एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर (कीमत करीब 40 लाख रुपये) बेच दिए जाने का मामला सामने आया था. तत्कालीन चेयरमैन के आदेश पर जांच हुई और तत्कालीन जेई अजय सिंह को निलंबित किया गया था.

तीन मौतों के बाद भी ‘कवच’ क्यों?

मदरहवां (खुटहन) उपकेंद्र के जंगल अयोध्या प्रसाद में प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट लगने से तीन युवकों की मौत के मामले में डीएम के निर्देश पर जेई निरंजन गुप्ता को निलंबित किया गया था, लेकिन एसडीओ गाजी खान पर कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी बनी रही.

दबते मामले, बढ़ती मनमानी: टाउनहाल खंड के बेतियाहाता में पोल शिफ्टिंग और पिपराइच के नइयापार उपकेंद्र क्षेत्र में पोल शिफ्टिंग से जुड़े मामलों के दब जाने के आरोपों के बीच लोगों का कहना है कि कार्रवाई न होने से मनमानी को बढ़ावा मिल रहा है.

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कार्यवाहक जेई श्यामू सिंह और एसडीओ गाजी खान पर कोई ठोस कार्रवाई होगी या पुरानी तरह फाइलों और जिम्मेदारियों की आड़ में मामला दब जाएगा। जहां एक तरफ ट्रांसफार्मर गायब होने के बाद जांच और मुकदमा दर्ज कराने की बात कहकर मामला आगे बढ़ाया गया है, वहीं पहले तीन युवकों की मौत के मामले में जेई पर कार्रवाई के बावजूद एसडीओ गाजी खान पर कार्रवाई न होने और अन्य मामलों के दबने के आरोपों ने सिस्टम की साख पर गहरा सवाल खड़ा कर दिया है।

अब देखना यह है कि क्या इस बार सिर्फ बयानबाजी और खानापूर्ति होगी, या फिर सरकारी संपत्ति और जिम्मेदारी तय की जाएगी।

भ्र्ष्टाचार और भ्र्ष्टाचारियो के विरुद्ध युद्ध अभी शेष है।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button