जेन जी यात्रा का किसानों ने किया भव्य स्वागत, जमीन लूट के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान

गुजरात मॉडल के नाम पर शिक्षा, रोजगार और जमीन की संगठित लूट बंद करे सरकार: विनय राय
2 अक्टूबर को लखनऊ में यात्रा समापन के बाद वाराणसी में छेड़ा जाएगा व्यापक आंदोलन
रोहनिया/वाराणसी13सितंबर :जस्टिस मोर्चा के तत्वावधान में चौरी-चौरा से शुरू हुई ‘जेन जी कनेक्ट यात्रा’ के शनिवार को बैरवन (मोहनसराय) पहुंचने पर किसान संघर्ष समिति के मुख्य संरक्षक विनय शंकर राय ‘मुन्ना’ के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने जोरदार स्वागत किया। बीएचयू से चलकर पहुंची इस यात्रा के दौरान आयोजित खुले संवाद में विभिन्न सरकारी योजनाओं से प्रभावित किसानों की समस्याओं और अधिकारों पर गहन चर्चा हुई।
संवाद में रोहनिया क्षेत्र की ट्रांसपोर्ट नगर योजना, स्पोर्ट्स सिटी, काशी द्वार, वर्ल्ड सिटी एक्सपो, मेडिसिटी, रिंग रोड, वैदिक सिटी, विद्या निकेतन और जीटी रोड आवासीय योजना से प्रभावित किसानों के प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी।
कानून का उल्लंघन कर छीनी जा रही जमीन
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए किसान नेता विनय शंकर राय ‘मुन्ना’ ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार एनटीए के जरिए छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, वहीं दूसरी तरफ अन्नदाता किसानों की जमीन अवैधानिक तरीके से छीनकर अपने पूंजीपति मित्रों को सौंप रही है। वाराणसी में भूमि अर्जन एवं पुनर्वास कानून 2013 का सरेआम उल्लंघन कर किसानों की जमीनों की संगठित लूट की जा रही है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
केवल सोशल मीडिया की पीढ़ी नहीं है जेन जी
जस्टिस मोर्चा के यात्री दिवाकर ने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा, रोजगार, जल-जंगल-जमीन और मनरेगा मजदूरों के अधिकारों को लगातार कुचल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेन जी (Gen Z) केवल सोशल मीडिया तक सीमित रहने वाली पीढ़ी नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, रोजगार, कृषि नीति और संवैधानिक अधिकारों को लेकर जागरूक है और सरकार से सीधे सवाल पूछ रही है। यह यात्रा छात्र, युवा, किसान और मजदूरों को जोड़कर व्यवस्था परिवर्तन का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
2 अक्टूबर के बाद वाराणसी में बड़ा आंदोलन
संवाद के दौरान प्रभावित किसानों ने अपनी जमीनों को बचाने के लिए एकजुट होकर आर-पार की लड़ाई लड़ने का शंखनाद किया। जस्टिस मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि 2 अक्टूबर को लखनऊ में यात्रा के समापन के पश्चात वाराणसी को केंद्र बनाकर किसानों की कानूनी व जमीनी लड़ाई के लिए एक बड़ा जन-आंदोलन शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन सुमन आनंद ने किया और धन्यवाद ज्ञापन अमलेश पटेल द्वारा दिया गया। इस मौके पर डॉ. विजय नारायण वर्मा, उदय प्रताप, सतीश पटेल, अजीत पटेल, प्रेम शाह, रमेश पटेल समेत भारी संख्या में किसान व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






