काशी में बिखरी राजस्थानी संस्कृति की छटा, श्री राजस्थान ब्राह्मण मंडल का दीपावली स्नेह मिलन संपन्न

वाराणसी16नवंबर : महादेव की नगरी काशी रविवार को पूरी तरह राजस्थान की लोक संस्कृति और परंपरा के रंगों में रंगी नजर आई। अवसर था श्री राजस्थान ब्राह्मण मंडल, काशी द्वारा लक्सा स्थित मारवाड़ी युवक संघ भवन में आयोजित भव्य ‘दीपावली स्नेह मिलन एवं रंगारंग सांस्कृतिक संध्या’ का। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी रहे।
समारोह का शुभारंभ भगवान गणपति की प्रतिमा पर माल्यार्पण और मुख्य अतिथि महापौर अशोक तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात, आदित्य चतुर्वेदी ने अपनी मधुर आवाज में गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का मंगलमय आगाज किया।
सामाजिक सरोकार और मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
इस विशेष अवसर पर संस्था ने सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए समाज के वरिष्ठजनों का बहुमान किया। इसके साथ ही, शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर परीक्षाओं में उत्तम अंक प्राप्त करने वाले समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
राजस्थानी लोक गीतों और नृत्यों ने बांधा समां
समारोह की सांस्कृतिक संध्या में राजस्थान की समृद्ध संगीत परंपरा जीवंत हो उठी। राजस्थान से पधारे प्रसिद्ध मांड एवं लोकगीत गायक गोपाल सिंह राठौड़ (विक्रम राठौर) तथा डॉ. पूजा राठौर ने अपनी सुरीली और सशक्त प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए।
इसके साथ ही, राजस्थान से आए ‘चंगमुरली’ ग्रुप के कलाकारों ने मनोहारी राजस्थानी प्रसंगों, शेखावाटी के चंग और पारंपरिक कालबेलिया लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मंच पर जीवंत हुई राजस्थान की संस्कृति को देख उपस्थित जनसमूह झूम उठा।
इन, गणमान्य लोगों का रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडल के सम्मानित अध्यक्ष पं. गिरीश कुमार धरड़, प्रधानमंत्री पं. विजय कृष्ण मिश्र, कोषाध्यक्ष पं. भरत शास्त्री, विनय चौधरी सहित समस्त कार्यकारिणी पदाधिकारियों, संयोजक मंडल एवं युवा शक्ति के ऊर्जावान सदस्यों का विशेष योगदान रहा। समारोह में समाज के सभी सदस्यों ने सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई और आपसी सौहार्द के साथ दीपावली का पर्व मनाया।





