एक झलक

1.33 लाख स्कूलों में गूंजा संविधान का संदेश, 1.42 करोड़ बच्चों ने पढ़ा प्रस्तावना का पाठ

लखनऊ 26 नवम्बर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह के मार्गदर्शन में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश के बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश के 1.33 लाख परिषदीय विद्यालयों के 1.42 करोड़ विद्यार्थियों ने इन आयोजनों में उत्साह के साथ भाग लिया।

प्रातःकालीन प्रार्थना सभाओं में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संवैधानिक आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान बच्चों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता को भारतीय लोकतंत्र की प्रमुख आधारशिला बताया गया तथा उनके महत्व की जानकारी दी गई।

निदेशालयों में भी हुए विशेष आयोजन

राजधानी लखनऊ स्थित बेसिक शिक्षा निदेशालय के परियोजना कार्यालय तथा माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में भी संविधान दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। यहां अधिकारियों और कार्मिकों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ करते हुए संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

रचनात्मक गतिविधियों से जाना संविधान निर्माण का सफर

विद्यालयों में आयोजित विशेष परिचर्चाओं और शैक्षिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को संविधान सभा की भूमिका, सदस्यों के योगदान और संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा से अवगत कराया गया। कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए विद्यार्थियों ने पोस्टर, चित्रकला, बुकमार्क, बैज और कोलाज जैसी रचनात्मक गतिविधियों के जरिए संविधान के मूल सिद्धांतों और राष्ट्रीय मूल्यों को प्रस्तुत किया।

अधिकारों के साथ कर्तव्यों पर जोर

आयोजनों के दौरान विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों, सामाजिक समरसता, विविधता में एकता और राष्ट्रीय अखंडता के प्रति जागरूक किया गया। प्रदेश भर के विद्यालयों में हुई इन गतिविधियों और विद्यार्थियों की भागीदारी का विवरण डिजिटल माध्यम से दर्ज किया गया। राज्य सरकार की इस पहल से छात्रों में संवैधानिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को प्रोत्साहन मिला है।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button