राजनीति

20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर होगा गंगा महोत्सव, स्थानीय कलाकारों को मिलेगी प्राथमिकता

गंगा में पहली बार नमो घाट से अस्सी घाट तक लागू होगा नावों का ‘टू-वे लेन सिस्टम’

सुरक्षा के लिए 10 जोन व 36 सब-सेक्टर में बंटे घाट, आपातकाल के लिए 14 अस्पतालों का ग्रीन कॉरिडोर

वाराणसी/लखनऊ12नवंबर :आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली और 20 से 23 नवंबर तक चलने वाले गंगा महोत्सव को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि काशी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यातायात में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत का पर्व है। इस वर्ष काशी के सभी पक्के घाटों, रेतीले तट और 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि दीपोत्सव का यह उल्लास केवल मुख्य घाटों तक सीमित न रहकर ग्रामीण क्षेत्रों, सारनाथ और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों तक भी पहुंचना चाहिए। साथ ही, आयोजन में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए दीपकों को शामिल कर उन्हें प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया है।

लेजर शो, ड्रोन शो और ग्रीन आतिशबाजी होगी आकर्षण का केंद्र

नमो घाट पर आयोजित होने वाले चार दिवसीय गंगा महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के मुख्य पर्व पर दशाश्वमेध घाट की भव्य महाआरती, चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, आकर्षक ड्रोन शो और काशी विश्वनाथ धाम के सामने गंगा पार ग्रीन आतिशबाजी की व्यवस्था आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखकर की जाएगी।

गंगा में नावों का ‘टू-वे लेन सिस्टम’ और सख्त सुरक्षा घेरा

लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है।

जोन और निगरानी: पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। निगरानी के लिए 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरे, क्यूआरटी (QRT), खोया-पाया केंद्र और पर्यटक पुलिस की तैनाती रहेगी।

जल यातायात: गंगा में नावों के सुरक्षित संचालन के लिए पहली बार नमो घाट से अस्सी घाट तक ‘टू-वे लेन सिस्टम’ लागू किया जाएगा। इसके साथ ही नाविकों को सुरक्षित संचालन का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

जाम से मुक्ति और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था

शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 7 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए शहर के 14 अस्पतालों को जोड़ते हुए ‘ग्रीन कॉरिडोर’ तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, पूरे आयोजन के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने को कहा है।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button