एचआईवी नियंत्रण में वाराणसी अव्वल, प्रदेश में प्रथम स्थान के साथ मिला ‘सुरक्षित’ जिले का दर्जा

वाराणसी27नवंबर :राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत एचआईवी/एड्स नियंत्रण की दिशा में काम करते हुए वाराणसी जिले ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) द्वारा जारी रैंकिंग में उत्तर प्रदेश के छह शामिल जिलों में वाराणसी ने पहला स्थान हासिल करते हुए ‘सुरक्षित’ जिले का दर्जा प्राप्त किया है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एन.पी. सिंह ने दी।
सीएमओ डॉ. एन.पी. सिंह ने बताया कि यह सफलता जिले में एचआईवी/एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, समय पर जांच व उपचार, एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) सेवाओं से मरीजों के बेहतर जुड़ाव, वायरल लोड की नियमित निगरानी और स्वास्थ्य विभाग व सहयोगी संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से संभव हुई है। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े चिकित्सकों, परामर्शदाताओं, लैब व तकनीकी स्टाफ, सामुदायिक संगठनों, लक्षित हस्तक्षेप परियोजनाओं और अन्य संस्थाओं के योगदान की सराहना की और आगे भी जांच, जुड़ाव व वायरल लोड सप्रेशन बनाए रखने की बात कही।
इस उपलब्धि में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार द्वारा नामित अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता के मार्गदर्शन और जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ. पीयूष राय के नेतृत्व में संचालित कार्यक्रम की टीम की अहम भूमिका रही। अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्ता ने कहा कि ‘सुरक्षित’ जनपद का दर्जा मिलना वाराणसी के लिए एक अहम पड़ाव है, जो जागरूक समाज, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और समय पर जांच, परामर्श व उपचार उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
95-95-95 के मानकों पर खरा उतरा जिला
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने बताया कि नाको द्वारा जिलों का आकलन 95-95-95 के मानकों के आधार पर किया जाता है। एक मानक पूरा करने पर जिले को ‘संघर्षशील’, दो पर ‘सक्षम’ और तीनों मानक पूरे करने पर ‘सुरक्षित’ श्रेणी में रखा जाता है। उन्होंने मानकों का विवरण साझा करते हुए बताया:
पहला 95: अनुमानित एचआईवी पॉजिटिव आबादी में से कम से कम 95 प्रतिशत लोगों को अपनी एचआईवी स्थिति की जानकारी हो।
दूसरा 95: अपनी स्थिति जानने वाले लोगों में से कम से कम 95 प्रतिशत एआरटी सेवाओं से जुड़े हों।
तीसरा 95: एआरटी उपचार ले रहे मरीजों में से कम से कम 95 प्रतिशत का वायरल लोड सप्रेस्ड या अनडिटेक्टेबल हो।
डीटीओ के अनुसार, नियमित समीक्षा और आंकड़ों की सतत् निगरानी से जिले में 4,105 मरीजों का वायरल लोड सप्रेस्ड हुआ है। उन्होंने बताया कि वाराणसी पहले उत्तर प्रदेश में ‘सक्षम’ घोषित होने वाला पहला जिला रहा था और अब ‘सुरक्षित’ श्रेणी में प्रदेश में शीर्ष स्थान पर आया है।






