काशी को बदनाम करने की साजिश: सीवर लाइन में मिलीं बालू भरी बोरियां, एफआईआर दर्ज

वाराणसी 12सितंबर :धर्मनगरी काशी की छवि को योजनाबद्ध तरीके से धूमिल करने और शहर में जलभराव की समस्या पैदा करने की एक गंभीर साजिश का खुलासा हुआ है। शहर के शिवाला, सरायनंदन और नगवा सहित करीब आधा दर्जन वार्डों में मुख्य सीवर लाइनों में बालू भरी बोरियां, पत्थर, प्लाई और लकड़ी का बुरादा ठूंसकर उन्हें जानबूझकर चोक किया गया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम एवं जलकल विभाग की शिकायत पर भेलूपुर थाने में अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने हेतु लिखित तहरीर दी गई है।
मुख्य लाइनों को जाम कर गलियों में जलभराव कराने का खेल
जांच में प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई है कि साजिशकर्ताओं ने मुख्य मार्गों की सीवर लाइनों को जानबूझकर बाधित किया, ताकि सहायक गलियों में सीवर का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर भर जाए और आम जनजीवन प्रभावित हो।
शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पार्षदों व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शिवाला वार्ड के अग्रवाल रेडियो के समीप स्थिति का मौके पर जायजा लिया। महापौर ने बताया कि शुक्रवार रात शिवाला क्षेत्र में सफाई के दौरान सीवर लाइन से लगभग 12 बोरी बालू के अलावा प्लाई, प्लास्टिक और भारी पत्थर निकाले गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, होगी कड़ी कार्रवाई
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि नगर निगम और जलकल विभाग की टीमें शहर से जलजमाव की समस्या खत्म करने में निरंतर जुटी हुई हैं और दर्जनों वाटर-लॉगिंग पॉइंट्स को समाप्त किया जा चुका है। इसके बावजूद पिछले दस दिनों से सोशल मीडिया पर नगर निगम को लक्षित कर भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीवर लाइनों से बोरियां और मलबा मिलना एक सोची-समझी आपराधिक साजिश है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर दोषियों को चिह्नित कर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जलकल विभाग ने भेलूपुर थाने में सौंपी तहरीर
मामले में जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता (जोन-2) ने भेलूपुर थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में स्पष्ट उल्लेख है कि शिवाला वार्ड (संख्या-75) स्थित रत्नाकर पार्क कूड़ाघर के पास मुख्य सीवर लाइन को बाधित कर जलकल विभाग और शहर की साख बिगाड़ने की नीयत से यह कृत्य किया गया है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति सीवर लाइन या सरकारी संपत्ति के साथ छेड़छाड़ करता दिखे, तो उसकी सूचना तत्काल नगर निगम को दें।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद सुरेश चौरसिया, चंद्रनाथ मुखर्जी, मदनमोहन तिवारी, विजय द्विवेदी, जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह एवं सचिव सुधीर वर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।






