पूर्वांचल

गाजीपुर में पुलिस व गोतस्करों के बीच मुठभेड़, पंजाब का शातिर तस्कर गोली लगने से घायल

दो डीसीएम वाहनों से 18 गोवंश बरामद, कुल तीन तस्कर गिरफ्तार

तलाशी के दौरान अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस भी बरामद

गाजीपुर/वाराणसी12नवंबर :जनपद में गोतस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भांवरकोल पुलिस को गुरुवार रात बड़ी सफलता मिली। रसूलपुर-मोहम्मदाबाद-भरौली मार्ग पर पुलिस और गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में पंजाब का एक शातिर तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर घायल बदमाश समेत कुल तीन तस्करों को गिरफ्तार करते हुए दो डीसीएम वाहनों से 18 गोवंश बरामद किए हैं।

थानाध्यक्ष भांवरकोल राजीव कुमार पाण्डेय गुरुवार रात पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब से गोवंश लादकर एक संदिग्ध डीसीएम पक्खनपुर होते हुए बिहार की ओर जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल रसूलपुर-मोहम्मदाबाद-भरौली मार्ग पर घेराबंदी कर दी। कुछ ही देर में पंजाब नंबर की एक डीसीएम (PB10…8928) आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें लदे नौ गोवंश बरामद हुए और पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया।

पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

हिरासत में लिए गए चालक से पूछताछ में पता चला कि पीछे आ रही एक अन्य डीसीएम में भी नौ गोवंश लदे हैं। पुलिस टीम ने सतर्कता बढ़ाते हुए दूसरी डीसीएम को भी रोकने का इशारा किया। खुद को घिरा देख वाहन में सवार बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से घायल बदमाश समेत अन्य साथियों को दबोच लिया। घायल तस्कर को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहम्मदाबाद में भर्ती कराया गया है।

पंजाब से बिहार ले जाए जा रहे थे गोवंश

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पंजाब के लुधियाना जनपद निवासी दर्शन सिंह (58), पवन कुमार (30) और घायल सुखदीप कुमार (37) के रूप में हुई है। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पंजाब से गोवंश लादकर तस्करी के लिए बिहार ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके से दो डीसीएम वाहन, 18 गोवंश, एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

इस पूरी कार्रवाई को थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय और चौकी प्रभारी शेरपुर विपिन कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ अंजाम दिया। पुलिस ने मुठभेड़ और गोवध निवारण अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button