देव दीपावली पर काशी में परंपरा और आधुनिक तकनीक का भव्य संगम

वाराणसी25 नवंबर:देव दीपावली के अवसर पर काशी ने अपनी प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय से संस्कृति व नवाचार का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य उत्सव में गंगा के घाटों पर दीपों की अविरल पंक्तियों ने काशी को रोशनी के कंठहार से सजाया। वहीं, आसमान में ड्रोन शो, ऐतिहासिक इमारतों पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और गंगा पार ग्रीन आतिशबाजी ने आयोजन को नई भव्यता प्रदान की। इस अवसर पर पहली बार आयोजित ड्रोन शो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आकृतियां भी आकाश में उभरीं।

गंगा तट पर प्रज्वलित लाखों दीप जहां सनातन आस्था और परंपरा का संदेश दे रहे थे, वहीं दृश्य-श्रव्य तकनीक के माध्यम से काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को नए रूप में जीवंत किया गया। दीपों की आभा, संगीत और तकनीक के इस संगम ने श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए इस देव दीपावली को अविस्मरणीय बना दिया।
2100 मेक इन इंडिया ड्रोन से आकाश में जीवंत हुई काशी की विरासत
गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में पहली बार 2100 ‘मेक इन इंडिया’ ड्रोन के जरिए भव्य प्रदर्शन किया गया। लगभग 10 मिनट तक चले इस शो में थ्री-डी एनिमेशन तकनीक से ड्रोन ने आसमान में 15 विभिन्न आकृतियां और संरचनाएं बनाईं। हिंदी वॉयस ओवर के माध्यम से दर्शकों को प्रत्येक दृश्य के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया गया।
शो के दौरान आकाश में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य साकार हुए। इनके साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव की आकृतियां भी नजर आईं। संगीत और प्रकाश के समन्वय ने काशी की आध्यात्मिक परंपरा को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत किया।
‘काशी-कथा’ में दिखी सनातन संस्कृति की यात्रा
चेत सिंह घाट पर करीब 25 मिनट का 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित किया गया। ‘काशी-कथा’ शीर्षक से हुई इस प्रस्तुति में ऑडियो-वीडियो माध्यम से काशी की धार्मिक यात्रा, सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया। गंगा किनारे स्थित ऐतिहासिक इमारतों पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए पौराणिक व सांस्कृतिक प्रसंगों को जीवंत किया गया।
शंखनाद और डमरू की ध्वनि से आरंभ हुई इस प्रस्तुति में एनामॉर्फिक एलईडी विजुअल्स, संगीत
और कथावाचन शामिल रहे। इसमें भगवान गणेश की कथा, शिव-पार्वती विवाह, देव दीपावली की पौराणिक मान्यता और मां गंगा की महिमा को चित्रित किया गया। साथ ही भगवान श्रीहरि विष्णु के चक्र और पुष्करिणी कुंड से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से गंगा की स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। प्रस्तुति के अंतिम चरण में लगभग आठ मिनट के लेजर शो ने ऐतिहासिक इमारतों और घाट परिसर को प्रकाशमय स्वरूप प्रदान किया।
शिव भजनों पर ग्रीन आतिशबाजी ने बांधा समां
ललिता घाट के सामने गंगा पार रेतीले क्षेत्र में शिव भजनों की धुन पर ग्रीन आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया। आयोजकों के अनुसार, इसमें देश में पहली बार आठ इंच के विशेष आतिशबाजी शेल्स का उपयोग किया गया। करीब 10 मिनट तक चले इस आयोजन में रंग बदलती आकृतियों और पैटर्न ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
‘हर-हर महादेव शंभू’, ‘डमरू बजाया भोलेनाथ ने’, ‘शिव तांडव स्तोत्रम्’, ‘मेरा भोला है भंडारी’ और ‘महाकाल’ जैसे भजनों की धुन पर नौ से दस संगीत ट्रैकों के साथ आतिशबाजी की गई, जिससे रात्रि का आकाश रंग-बिरंगी छटाओं से जगमगा उठा।
फसाड लाइटिंग और तिरंगी झालरों से निखरा शहर
ड्रोन, लेजर, संगीत और ग्रीन आतिशबाजी के साथ काशी की पारंपरिक सजावट पर भी विशेष ध्यान दिया गया। घाटों और मंदिरों पर फसाड लाइटिंग की गई, जबकि प्रमुख मार्गों के विद्युत खंभों पर तिरंगे रंग की स्पाइरल झालरें लगाई गईं। इस प्रकार देव दीपावली पर काशी ने अपनी आध्यात्मिक पहचान को आधुनिक तकनीक और भव्य प्रस्तुतियों के साथ प्रस्तुत किया।






