पूर्वांचल

काशी तमिल संगमम का शंखनाद कल से, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन करेंगे शुभारंभ

15 दिनों तक काशी में दिखेगा उत्तर और दक्षिण की संस्कृति का अनूठा संगम

तमिलनाडु से 1500 अतिथियों के आने की संभावना; बीएचयू से नमो घाट तक होंगे विविध आयोजन

वाराणसी27नवंबर :धर्म और संस्कृति की नगरी काशी एक बार फिर उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता की साक्षी बनने जा रही है। ‘काशी तमिल संगमम’ के पांचवें संस्करण का भव्य शुभारंभ शनिवार, 28 नवंबर को होगा। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस 15 दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन करेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासनिक और सांस्कृतिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

बीएचयू में लगेगी 150 स्टॉलों की प्रदर्शनी

वाराणसी मंडल के आयुक्त के. विजेंद्र पांडियन ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति के साथ मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, आईआईटी तथा काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के शीर्ष पदाधिकारियों सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बीएचयू परिसर में लगाई गई भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन भी करेंगे। प्रदर्शनी में विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं और सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी देने के लिए 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, नमो घाट पर भी विशेष सांस्कृतिक संध्या और कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

शनिवार सुबह पहुंचेगा 300 अतिथियों का पहला जत्था

मंडल आयुक्त के अनुसार, इस बार विभिन्न चरणों में तमिलनाडु से करीब 1400 से 1500 श्रद्धालुओं, छात्रों और प्रतिभागियों के काशी पहुंचने की संभावना है। इसमें शामिल होने के लिए लगभग 300 लोगों का पहला जत्था विशेष ट्रेन से 28 नवंबर की सुबह वाराणसी पहुंचेगा।

अतिथियों का पांच दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम

मेहमानों की मेजबानी और उन्हें उत्तर भारत की विरासत से रूबरू कराने के लिए पांच दिवसीय विशेष भ्रमण कार्यक्रम तैयार किया गया है:

पहला और दूसरा दिन: अतिथियों को काशी और आसपास के प्रमुख धार्मिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। शाम को बीएचयू व नमो घाट पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

तीसरा दिन: सभी प्रतिभागी श्रीराम की नगरी अयोध्या के दर्शन-पूजन के लिए रवाना होंगे।

चौथा दिन: संगम नगरी प्रयागराज का भ्रमण निर्धारित है।

पांचवां दिन: भ्रमण के पश्चात अतिथि वापस काशी लौटेंगे, जहां से उनकी औपचारिक विदाई होगी।

सदियों पुराने संबंधों को नई पीढ़ी से जोड़ने की पहल

काशी तमिल संगमम का मुख्य उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने आध्यात्मिक, साहित्यिक और ऐतिहासिक संबंधों को पुनर्जीवित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इस मंच के माध्यम से दोनों क्षेत्रों की भाषा, कला, संगीत, शिल्प और खानपान की परंपराओं का आदान-प्रदान होगा। मंडल आयुक्त के. विजेंद्र पांडियन ने काशीवासियों और पर्यटकों से इस उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना और उत्तर-दक्षिण के आत्मीय संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button