पूर्वांचल

काशी तमिल संगमम 5.0: अस्सी घाट पर रंगों के जरिए उकेरी गई भारतीय संस्कृति व परंपरा

उपशीर्षक: प्री-इवेंट के तहत हुई रंगोली प्रतियोगिता में स्कूली व विश्वविद्यालय के छात्रों ने दिखाया उत्साह; विश्वनाथ मंदिर में गूंजे संध्या भजन

वाराणसी21नवंबर :आगामी 28 नवंबर से शुरू होने जा रहे ‘काशी तमिल संगमम 5.0’ के स्वागत में काशी पूरी तरह तैयार है। मुख्य आयोजन से पूर्व काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की ओर से जन-जागरूकता के लिए प्री-इवेंट गतिविधियों का सिलसिला शुरू कर दिया गया है। इसी कड़ी में शनिवार को अस्सी घाट पर भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कला के माध्यम से काशी और तमिलनाडु की साझा विरासत जीवंत हो उठी।

छात्रों की कलाकृतियों ने मोहा पर्यटकों का मन

प्रतियोगिता में बीएचयू, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ सहित शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने भारतीय संस्कृति, समृद्ध परंपराओं और सामाजिक मूल्यों पर आधारित एक से बढ़कर एक आकर्षक रंगोलियां सजाईं। घाट पर बिखरे इन चटक रंगों को निहारने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और देशी-विदेशी पर्यटक उमड़ पड़े। लोगों ने न केवल बच्चों की रचनात्मकता की मुक्तकंठ से सराहना की, बल्कि इन कलाकृतियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

तिरुक्कुरल’ के संदेश और संध्या भजन से सजी शाम

इस वर्ष काशी तमिल संगमम 5.0 की मुख्य थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें’ रखी गई है। संत कवि एवं दार्शनिक तिरुवल्लुवर द्वारा रचित प्राचीन तमिल ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ के तीन प्रमुख स्तंभों— अऱम् (धर्म), पोरुळ् (अर्थ) और इऩ्बम् (काम) के माध्यम से मानव जीवन को वीडु (मोक्ष) की ओर ले जाने की शिक्षाओं को इस मंच से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में बीएचयू परिसर स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर में भक्तिमय संध्या भजन का भी आयोजन किया गया।

“प्री-इवेंट आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को इस महाआयोजन से जोड़ना है। मुख्य समारोह से पहले ऐसी रचनात्मक गतिविधियों के जरिए काशी और तमिलनाडु की सांस्कृतिक एकता का संदेश घर-घर पहुंचाया जा रहा है।”— अंचल श्रीवास्तव, कोऑर्डिनेटर, काशी तमिल संगमम

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button