पूर्वांचल

गाजीपुर में ₹692 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी बोले— “असलहा लहराकर दंगा करने वाले मिट्टी में दफन होंगे”

अवैध असलहा लाइसेंस और माफिया संस्कृति पर मुख्यमंत्री का करारा हमला

सपा पर साधा निशाना: “जो माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ते थे, वे हमें उपदेश न दें”

गाजीपुर, जखनिया, मोहम्मदाबाद समेत कई क्षेत्रों के लिए 268 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
गाजीपुर 30जुलाई :मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर में ₹692 करोड़ की 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान एक विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) और माफिया संस्कृति पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत माफिया को मिट्टी में मिला दिया गया है। अब अगर कोई रामलीला या धार्मिक आयोजनों में असलहा लहराकर दंगा करने का दुस्साहस करेगा, तो उसे मालूम होना चाहिए कि ऐसे उपद्रवियों को मिट्टी में ही दफन होना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने गाजीपुर के पौहारी बाबा आश्रम, भगवान परशुराम और महर्षि जमदग्नि की पावन भूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘लहुरी काशी’ के नाम से विख्यात इस धरती पर माफिया का पनपना शोभा नहीं देता।

सपा के ‘पापों’ से पर्दा उठा तो मुंह दिखाने लायक नहीं रहेंगे

सपा पर सीधा हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि समाज को बांटने वाले लोग विदेशी आक्रांता सालार मसूद गाजी को सम्मानित करते थे। ये वही लोग हैं जो दुर्दांत माफिया के सामने नाक रगड़ते थे और उनकी कब्रों पर जाकर फातिहा पढ़ते थे। मुख्यमंत्री ने कहा, “अपने कार्यकर्ताओं को लूट की छूट देने वाले आज हमें उपदेश न दें। अगर हमने सपा सरकार के पापों से पर्दा उठाना शुरू कर दिया, तो ये जनता को मुंह दिखाने के काबिल नहीं रहेंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक इंच काम नहीं हुआ था, फिर भी ₹3,000 करोड़ का वारा-न्यारा कर दिया गया था।

अवैध लाइसेंस बनाने वाले नहीं, पैरोकारी करने वाले जनप्रतिनिधि चुनें

जनता से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने अपील की कि वे ऐसे जनप्रतिनिधियों को चुनें जो क्षेत्र का विकास और जनता की पैरोकारी कर सकें। उन्होंने कहा कि गाजीपुर को ऐसे सांसदों या नेताओं की जरूरत नहीं है जो फर्जी और अवैध असलहा लाइसेंस बनाने में व्यस्त रहते हों या जनता के घरों पर अवैध कब्जे करवाते हों।

“देख सपाई, बिटिया घबराई”— महिला सुरक्षा पर घेरा

कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा शासन में बेटियां असुरक्षित थीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “देख सपाई-बिटिया घबराई—यानी जिसे देखकर ही बेटियां घबरा जाती थीं, ऐसे लोगों से गाजीपुर को बचकर रहने की जरूरत है।” उन्होंने कहा कि पहले त्योहारों के आते ही उपद्रव और कर्फ्यू शुरू हो जाते थे, लेकिन आज यूपी में उपद्रव नहीं, उत्सव का माहौल है। युवाओं की नौकरी में सेंध लगाने वालों और दंगाइयों के लिए अब केवल जेल या जहन्नुम ही जगह बची है।

गाजीपुर के वीरों और राष्ट्रनायकों को नमन

मुख्यमंत्री ने गहमर गांव का जिक्र करते हुए कहा कि एशिया के इस सबसे बड़े गांव के हजारों जवान देश की सीमा सुरक्षा में तैनात हैं। गहमर और गाजीपुर के रणबांकुरों ने 1962, 1965, 1971 और 1999 के कारगिल युद्ध में अप्रतिम शौर्य दिखाया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार महाराजा सुहेलदेव जैसे राष्ट्रनायकों को सम्मान देती है, जबकि पिछली सरकारों ने महापुरुषों और संतों के नाम पर बने संस्थानों के नाम बदलने का पाप किया था।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का होगा और विस्तार

विकास कार्यों की जानकारी देते हुए सीएम ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को अब चंदौली और वाराणसी से जोड़ते हुए शक्तिनगर तक ले जाया जाएगा। इसके अलावा गाजीपुर में मेडिकल कॉलेज और फोरलेन कनेक्टिविटी से लखनऊ, काशी और गोरखपुर की दूरी काफी कम हो गई है।

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, विधायक बेदीराम, एमएलसी विशाल सिंह चंचल समेत कई प्रमुख जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button