गुरु पूर्णिमा: सक्तेशगढ़ आश्रम में जुटेंगे 12 लाख श्रद्धालु, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; ड्रोन से होगी हवाई निगरानी

मीरजापुर |28 जुलाई : चुनार थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध श्री परमहंस आश्रम, सक्तेशगढ़ में 29 जुलाई को आयोजित होने वाले पावन गुरु पूर्णिमा पर्व को लेकर पुलिस और प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष उत्सव में उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार सहित देश के कई राज्यों से लगभग 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
विशाल जनसैलाब को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
5 जोन और 14 सेक्टरों में विभाजित मेला क्षेत्र
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 05 जोन और 14 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर की कमान वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के हाथों में सौंपी गई है।
सुरक्षा के लिहाज से आश्रम परिसर, दर्शन मार्ग, विशाल भंडारा स्थल, पार्किंग क्षेत्रों और निकटवर्ती सिद्धनाथ दरी जैसे संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी (PAC) और यातायात पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।
कंट्रोल रूम से लाइव फीड और ड्रोन से निगरानी
मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में ड्रोन कैमरों के माध्यम से हवाई निगरानी रखी जा रही है।
ड्रोन के जरिए आश्रम, मुख्य दर्शन मार्ग, पार्किंग स्थल और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए एक केंद्रीय कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहाँ से वरिष्ठ अधिकारी लाइव फीड पर नजर बनाए रखेंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कदम उठाया जा सके।






