जननायक एक्सप्रेस में सीट के विवाद को लेकर बवाल; महिला से मारपीट का वीडियो वायरल, छह पर केस

मुरादाबाद/नजीबाबाद21नवंबर :बिहार से पंजाब जा रही जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद ने उग्र रूप ले लिया। इस दौरान एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के एक पुलिसकर्मी द्वारा एक महिला को जमीन पर गिराकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वायरल वीडियो में दिखा पुलिस का रौद्र रूप
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ट्रेन के कोच के भीतर पुलिसकर्मी और एक महिला के बीच तीखी झड़प होती दिखाई दे रही है। वीडियो में पुलिसकर्मी महिला को थप्पड़ मारता और नीचे गिराकर पीटता नजर आ रहा है। मां को पिटता देख साथ मौजूद उसकी बेटियां पुलिसकर्मी को पीछे खींचकर बचाने की कोशिश करती हैं, जिस दौरान पुलिसकर्मी की वर्दी भी फट जाती है। वीडियो में बेटियां लगातार पुलिसकर्मी से पूछती सुनाई दे रही हैं कि उनकी मां को क्यों पीटा जा रहा है, जबकि पुलिसकर्मी और उसका साथी उन्हें धमकाते नजर आ रहे हैं। कोच में मौजूद अन्य यात्रियों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया।
बच्चे वाली महिला को सीट देने से मना करने पर शुरू हुआ विवाद
मुरादाबाद के एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला के अनुसार, एस्कॉर्ट ड्यूटी के तहत दो पुलिसकर्मी मुरादाबाद से जननायक एक्सप्रेस में सवार हुए थे। ट्रेन जब मतलाबपुर के पास पहुंची, तो कोच में दो पक्षों के बीच सीट को लेकर विवाद हो रहा था। एक बर्थ पर एक महिला लेटी हुई थी, जिसके साथ तीन युवतियां और दो पुरुष थे। दूसरे पक्ष में एक पुरुष और गोद में बच्चा लिए एक महिला थी। बच्चे वाली महिला को बैठने के लिए जगह मांगने पर बर्थ पर लेटी महिला ने साफ इनकार कर दिया, जिससे बहस शुरू हो गई।
पुलिस का पक्ष: वर्दी फाड़ने और बंधक बनाने का आरोप
मामले पर पुलिस का कहना है कि विवाद शांत कराने के लिए जब एस्कॉर्ट पुलिसकर्मियों ने बर्थ पर लेटी महिला से दूसरी महिला को बैठने की जगह देने को कहा, तो महिला और उसके साथ मौजूद युवतियां आक्रामक हो गईं। आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और उनकी वर्दी फाड़ दी।
एसपी जीआरपी ने बताया कि महिलाओं के साथ मौजूद दो पुरुषों ने भी पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज की, उनके मोबाइल फोन छीन लिए और उन्हें ट्रेन में ही बंधक बना लिया। ट्रेन के नजीबाबाद स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।






