पूर्वांचल

पूर्वांचल विद्युत निगम मुख्यालय पर हंगामा: सुरक्षा गार्ड और कर्मचारी के बीच हिंसक झड़प, मुख्य अभियंता कार्यालय के बाबू का फटा सिर

वाराणसी 12 सितंबर : पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पॉवर हाउस) मुख्यालय के मुख्य द्वार पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब तैनात सुरक्षा प्रहरियों और निगम के एक कर्मचारी के बीच तीखी बहस के बाद हिंसक मारपीट हो गई। इस घटना में मुख्य अभियंता (जोन-2) कार्यालय में तैनात लिपिक (बाबू) अखिलेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर पर गहरी चोट आई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद मुख्य गेट से प्रवेश को लेकर शुरू हुआ था। मुख्यालय पर सुरक्षा में तैनात पूर्व सैनिकों (सुरक्षा गार्डों) और कर्मचारी अखिलेश कुमार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि सुरक्षा गार्डों ने उग्र होकर कर्मचारी पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और सिर फट गया।

कॉलोनी निवासियों और कर्मचारियों का गेट पर जमावड़ा

घटना की खबर फैलते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों और परिसर स्थित कॉलोनी के निवासियों में आक्रोश फैल गया। भारी संख्या में कॉलोनी वासी और साथी कर्मचारी मुख्यालय के मुख्य गेट पर एकत्र हो गए और सुरक्षा गार्डों की इस हरकत का कड़ा विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

घायल कर्मचारी अखिलेश कुमार को सहकर्मियों द्वारा तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद से ही मुख्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। कर्मचारियों ने आरोपी सुरक्षा गार्डों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मामले की सूचना स्थानीय पुलिस और निगम के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है, जो मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुट गए हैं।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button