राजनीति

प्रदेश में शुरू होगी ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’, बड़े निजी अस्पताल भी जुड़ेंगे

एनएबीएच (NABH) मान्यता प्राप्त अस्पतालों को योजना से जोड़ने पर रहेगा जोर

पहले से सूचीबद्ध अस्पतालों में भी सुधरेगा इलाज का स्तर, होगा संवाद

लखनऊ 19नवंबर : उत्तर प्रदेश में योगी सरकार  आम नागरिकों को बेहतर और विश्वसनीय इलाज मुहैया कराने के लिए योगी सरकार अब अस्पतालों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर भी विशेष जोर दे रही है। इसी कड़ी में आयुष्मान भारत योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश भर में ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ अभियान शुरू किया जाएगा।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर के गुणवत्ता मानकों वाले बड़े अस्पतालों को आयुष्मान योजना के दायरे में लाना और पहले से जुड़े अस्पतालों की सेवा गुणवत्ता को अपग्रेड करना है। इससे योजना के लाभार्थियों को अपने ही शहर के प्रतिष्ठित और आधुनिक सुविधाओं वाले अस्पतालों में निशुल्क इलाज के अधिक विकल्प मिल सकेंगे।

गैर-सूचीबद्ध NABH अस्पतालों को किया जाएगा आमंत्रित

स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि प्रदेश में ऐसे कई निजी अस्पताल हैं, जिन्हें नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) से मान्यता प्राप्त है, लेकिन वे अभी तक आयुष्मान योजना से नहीं जुड़े हैं। अभियान के तहत ऐसे अस्पतालों की पहचान कर उनके प्रबंधन को योजना में सूचीबद्ध (एम्पैनल) होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा और उन्हें जुड़ने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

पुराने अस्पतालों का भी बढ़ेगा स्तर, दूर होंगी कमियां

अभियान के दूसरे चरण में उन अस्पतालों पर फोकस किया जाएगा जो पहले से आयुष्मान योजना में शामिल हैं। इन अस्पतालों को एनएबीएच प्रमाणन हासिल करने और राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपनी व्यवस्थाएं सुधारने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए अस्पतालों में सुधार की गुंजाइश वाले क्षेत्रों की पहचान की जाएगी, ताकि मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल की जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

विशेषज्ञों और अस्पताल प्रबंधन के साथ होगा संवाद
‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ के दौरान प्रदेश भर में चिकित्सा विशेषज्ञों, अस्पताल संचालकों और संबंधित संस्थाओं के साथ संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन को समझाया जाएगा कि एनएबीएच मान्यता केवल एक कागजी औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह मरीजों की सुरक्षा, बेहतर उपचार व्यवस्था और अस्पताल की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने का सबसे मजबूत माध्यम है।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button