श्री दुर्गेश स्पोर्टिंग क्लब की बैठक में नवरात्रि पूजनोत्सव की तैयारियों पर मंथन

वाराणसी14सितंबर :दुर्गाकुंड स्थित श्री दुर्गेश स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आगामी श्री दुर्गा पूजनोत्सव की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष शिवदास मौर्य ने की, जिसमें समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूजनोत्सव के सफल आयोजन हेतु विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रि पर्व की तैयारियों की रूपरेखा तैयार की गई। समिति के पदाधिकारियों ने पूजा पंडाल निर्माण, भव्य सजावट, धार्मिक अनुष्ठानों, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुलभता से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं और आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने बताया कि श्री दुर्गेश स्पोर्टिंग क्लब, दुर्गाकुंड वर्ष 1978 से धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय है और यह क्षेत्र की सबसे पुरानी समितियों में से एक है। क्लब द्वारा हर वर्ष नवरात्रि एवं दुर्गा पूजनोत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया जाता रहा है।
अध्यक्ष शिवदास मौर्य ने सभी सदस्यों से एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि किसी को भी असुविधा न हो। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने भव्य, अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से दुर्गा पूजनोत्सव संपन्न कराने का सामूहिक संकल्प लिया।
बैठक में उपस्थित प्रमुख लोग:
बैठक में मुख्य रूप से शिवदास प्रसाद मौर्य, राजू शर्मा, मदन मौर्या, सत्य प्रकाश सिंह, नरेन्द्र चौहान, गप्पू यादव, धनेश्वर साहनी, मानवेन्द्र प्रताप सिंह तथा रोहित यादव सहित कई अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।






