पूर्वांचल

विद्युत विभाग :आरडीएसएस (RDSS) योजना में एलएंडटी की लचर कार्यशैली पर भड़के डीएम, 30 नवंबर तक सभी सड़कें दुरुस्त करने का अल्टीमेटम

 

शहर में खुदी सड़कों, खुले गड्ढों और लावारिस पड़े केबल ड्रमों से जनता त्रस्त; रामनगर किले के पास आग लगने और वीआईपी मार्गों की बदहाली के बाद प्रशासन सख्त

वाराणसी16नवंबर :प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के तहत चल रहे भूमिगत विद्युतीकरण (अंडरग्राउंड केबलिंग) कार्य में कार्यदायी संस्था एलएंडटी (L&T) की घोर लापरवाही और लचर कार्यशैली पर जिलाधिकारी (DM) ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। शहर की सड़कों को खोदकर छोड़ने, जगह-जगह खतरनाक गड्ढे करने और लावारिस केबल ड्रमों के कारण हो रहे हादसों का संज्ञान लेते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कंपनी के प्रतिनिधियों की जमकर क्लास ली। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि 30 नवंबर तक शहर की सभी खुदी हुई सड़कों को हर हाल में दुरुस्त कर गड्ढामुक्त किया जाए, अन्यथा कार्यदायी संस्था के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

वीआईपी मार्गों से लेकर घाटों तक बदहाली, रोज हो रहे हादसे

एलएंडटी की मनमानी का आलम यह है कि आम गलियों के साथ-साथ अतिव्यस्त और वीआईपी मार्गों की भी सूरत बिगाड़ दी गई है।

मकबूल आलम रोड पर 14 गड्ढे:

कचहरी, जिलाधिकारी व पुलिस कमिश्नर कार्यालय जाने वाले इस बेहद महत्वपूर्ण वीआईपी मार्ग पर कंपनी ने केबल डालने के लिए खुदाई तो कर दी, लेकिन उन्हें भरने की जहमत नहीं उठाई। मार्ग पर 14 खुले और गहरे गड्ढे दुपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं, वहीं नाममात्र की प्लास्टिक बैरिकेडिंग भी इधर-उधर गिरी पड़ी है।

अस्सी मार्ग पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की ‘नकदम’:

अस्सी घाट जाने वाले मुख्य मार्ग की एक पूरी लेन खोदकर छोड़ दी गई है। सड़क पर डामर की मोटी परतें, गिट्टी-मलबा फैला हुआ है और बीच सड़क पर ही भारी-भरकम केबल ड्रम रख दिए गए हैं। बिना किसी चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग के छोड़े गए इस मार्ग पर रोजाना दुपहिया चालक घायल हो रहे हैं और स्थानीय दुकानदारों का व्यापार चौपट हो गया है।

रामनगर किले के पास लापरवाही से लगी भीषण आग

कंपनी की लापरवाही केवल सड़कों तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षा मानकों को भी ताक पर रखा जा रहा है। बीते शुक्रवार रात रामनगर किले की बाउंड्री से सटाकर पिछले छह महीने से लावारिस छोड़े गए कंपनी के बिजली केबल के बंडलों में भीषण आग लग गई।

कूड़े की चिंगारी से भड़की इस आग में लाखों रुपये के केबल जलकर खाक हो गए और ऐतिहासिक किले की सुरक्षा तक को खतरा पैदा हो गया। दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बिजली विभाग के अफसर भी बेबस, अब डीएम के निर्देश से जगी उम्मीद

शहर भर में महीनों से सड़कों और गलियों में पड़े केबल ड्रम व अधूरे कार्यों को लेकर आम जनता में भारी आक्रोश है। स्थिति यह थी कि बिजली विभाग के स्थानीय अधिकारी भी एलएंडटी की कार्यप्रणाली के आगे खुद को लाचार महसूस कर रहे थे।

हालांकि, नगरीय विद्युत वितरण खंड के अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के बाद तीन दिन में गड्ढे भरने के दावे किए गए थे, लेकिन जमीनी हकीकत नहीं बदली।

अब जिलाधिकारी की सख्त फटकार और 30 नवंबर की डेडलाइन तय होने के बाद प्रशासन और कार्यदायी संस्था में हड़कंप मच गया है।

डीएम ने निर्देश दिया है कि काम पूरा होते ही तत्काल रोलर चलाकर सड़क का समतलीकरण कराया जाए और सड़क पर रखे केबल ड्रम हटाकर यातायात सुगम बनाया जाए।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button