नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश: जर्जर तार बदलें और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें

वाराणसी13सितंबर :नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने वाराणसी के सर्किट हाउस में नगर निगम, जल निगम और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने जनपद में जल भराव, जल निकासी, साफ-सफाई और विद्युत आपूर्ति की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।
ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जर्जर और लटके हुए बिजली के तारों को तुरंत दुरुस्त किया जाए ताकि आम जनता को किसी खतरे का सामना न करना पड़े। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विद्युत सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बिजली से जुड़ी शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के भी निर्देश दिए गए।
शहर में साफ-सफाई और जल निकासी की व्यवस्था पर जोर देते हुए ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें और समस्याओं का मौके पर ही समाधान निकालें।
इस समीक्षा बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (एमडी) संदीप कुमार सहित नगर निगम, जल निगम और ऊर्जा विभाग के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।






