विद्युत विभाग :माघ मेला-2027 की विद्युत तैयारियों का श्रीगणेश, एमडी ने भूमि पूजन कर किया स्थलीय निरीक्षण

प्रयागराज 26नवंबर :आगामी माघ मेला-2027 के सकुशल आयोजन और मेला क्षेत्र में चौबीसों घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की कवायद गुरुवार को तेज हो गई। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पूविविनिलि) के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने संगम क्षेत्र में विधिवत भूमि पूजन कर विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्यों का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने मेला परिसर का गहन स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा भी लिया।
भूमि पूजन के उपरांत निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिजली के तारों, ट्रांसफार्मरों और प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक विद्युत संरचनाओं का निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित समय-सीमा से पहले हर हाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी।
प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने और ‘शून्य दुर्घटना’ के लक्ष्य के साथ काम करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं, कल्पवासियों और साधु-संतों की सुरक्षा तथा उन्हें सुगम व निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए एक विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है और अधिकारियों को व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।






