विद्युत विभाग :हाईटेंशन तार पर गिरा विशालकाय सैजन का पेड़, बड़ा हादसा टला

वाराणसी 11सितंबर :थाना सिगरा अंतर्गत चंदुआ छित्तूपुर इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशालकाय सैजन का पेड़ अचानक उखड़कर हाईटेंशन विद्युत तारों पर जा गिरा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ के अचानक गिरते ही तेज आवाज के साथ इलाके में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके से दूरी बना ली। पेड़ सीधे विद्युत तारों पर अटक जाने के कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और सड़क पर आवागमन भी कुछ समय के लिए बाधित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग और संबंधित प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत कार्य शुरू करते हुए पेड़ की टहनियों को काटकर तारों से अलग किया गया और रास्ते को साफ कराया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
स्थानिय लोगों ने राहत की सांस लेते हुए मांग की है कि विद्युत तारों के आसपास मौजूद पुराने और जर्जर पेड़ों की समय-समय पर छंटाई कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






