हमारी प्राथमिकता, सबको मिले गुणवत्तापरक उपचार: ब्रजेश पाठक

वाराणसी में स्वास्थ्य विभाग की बैठक में डिप्टी सीएम ने दिए आवश्यक निर्देश
कहा- केंद्र व राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं
वाराणसी, 29 जुलाई:आमजन को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम निरंतर इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं, लेकिन हमें अपने कार्य को और अधिक गुणवत्तापरक बनाना है।” यह बात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कही।
डिप्टी सीएम ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सभी स्वास्थ्य सुविधाओं और योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुँचना चाहिए।
आयुष्मान भारत और टीबी उन्मूलन पर जोर
बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से पात्र लाभार्थियों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, बच्चों के नियमित टीकाकरण तथा महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए दी जाने वाली एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीन को लेकर चिकित्साधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डिजिटल हेल्थ मिशन को गति देने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं पर बल देते हुए अधिकारियों को ‘आभा’ (ABHA) आईडी स्टेटस को लेकर अपडेट रहने को कहा। इसके अलावा उन्होंने ई-कवच पोर्टल और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की भी गहन समीक्षा की और अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
इस उच्चस्तरीय बैठक में वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी, स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक डॉ. एनडी शर्मा, डॉ. आरवी कमल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार, विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों के सीएमएस सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।






