इंडियन ऑयल डिपो के पास टैंकर से डीजल चोरी का भंडाफोड़, 100 लीटर तेल और 12 हजार लीटर ईंधन से भरा टैंकर बरामद

अलीनगर/चंदौली17नवंबर :अलीनगर पुलिस ने इंडियन ऑयल डिपो के मुख्य गेट के समीप टैंकर से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब 100 लीटर चोरी का डीजल, 12 हजार लीटर ईंधन से भरा एक टैंकर और तेल निकालने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। हालांकि, पुलिस टीम को आता देख मौके पर मौजूद तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह अपनी टीम के साथ सकलडीहा तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इंडियन ऑयल डिपो के मुख्य गेट से लगभग 100 मीटर पहले खड़े एक टैंकर (UP 45 T 3706) से अवैध रूप से डीजल निकाला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही आरोपी सारा सामान छोड़कर भाग निकले।
लॉक तोड़कर पाइप के जरिए निकाला जा रहा था तेल
पुलिस की जांच में पाया गया कि टैंकर के पिछले चैंबर का लॉक टूटा हुआ था और ढक्कन खोलकर उसमें पाइप लगाया गया था, जिससे डीजल का रिसाव हो रहा था। पुलिस ने घटनास्थल से 100 लीटर चोरी का डीजल, 50-50 लीटर के दो भरे हुए गैलन, खाली गैलन, बाल्टियां, लोहे की हथौड़ी, पंच मशीन, पेचकश, 50 पिन और करीब 28 फीट लंबा प्लास्टिक का पाइप बरामद किया है।
ट्रांसपोर्ट संचालक की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस जांच में सामने आया है कि संबंधित टैंकर अलीनगर निवासी मोहम्मद यासिन के नाम पंजीकृत है। घटनास्थल के पास ही उनका ट्रांसपोर्ट कार्यालय है और उनके माध्यम से इंडियन ऑयल कंपनी में करीब 22 टैंकर संचालित होते हैं। पुलिस अब इस पूरे प्रकरण में वाहन स्वामी, चालक, खलासी और अन्य संदिग्धों की मिलीभगत व भूमिका की गहनता से जांच कर रही है।
तीन नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश
मौके से फरार आरोपियों की पहचान बिछड़ी निवासी चंद्रमा चौहान उर्फ चंदा, मुगलचक निवासी मंगल चौहान और खलासी राजकुमार के रूप में की गई है। अलीनगर थाने में अपराध संख्या 707/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं और पेट्रोलियम अधिनियम की धारा 23 में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के साथ उपनिरीक्षक योगेंद्र नाथ यादव, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।






