उपभोक्ता हितों की रक्षा के लिए प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने के निर्देशअसत्यापित बाट-माप और कम तौल पर सख्त शिकंजा, ‘सुगमकर्ता’ की भूमिका में काम करें अधिकारी: अमनदीप डुली

लखनऊ/ कानपुर21 नवंबर :उपभोक्ता हितों की रक्षा और बाजार में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विधिक माप विज्ञान विभाग ने प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश के नियंत्रक विधिक माप विज्ञान अमनदीप डुली की अध्यक्षता में शुक्रवार को कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) परिसर के एमएसएमई सभागार में विभाग की राजस्व उपलब्धियों और प्रवर्तन गतिविधियों की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रदेश के सभी जोन और संभागों के कार्यों का विस्तृत मूल्यांकन करते हुए नियंत्रक अमनदीप डुली ने स्पष्ट कहा कि बाजार में किसी भी स्तर पर असत्यापित बाट-माप का उपयोग कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यह सख्ती से सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यापारी उपभोक्ताओं द्वारा चुकाए गए मूल्य के सापेक्ष कम मात्रा में सामान न दे। साथ ही, उत्तर प्रदेश विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) संशोधन नियमावली-2026 के नए प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन और प्रभावी प्रवर्तन कराने के निर्देश दिए गए।
व्यापारियों की सहूलियत पर भी जोर
अमनदीप डुली ने शासन की मंशा के अनुरूप अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी केवल एक ‘नियामक’ (रेगुलेटर) के रूप में नहीं, बल्कि एक ‘सुगमकर्ता’ (फैसिलिटेटर) की भावना से काम करें। इससे जहां एक ओर ईमानदार व्यापारियों को नियमों के पालन में सहूलियत और सुगमता मिलेगी, वहीं दूसरी ओर आम उपभोक्ताओं के हित भी पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे।
प्रमुख अधिकारियों की मौजूदगी
समीक्षा बैठक में उपनियंत्रक (डीसी) मुकेश कुमार (कानपुर जोन), लवा कुमार पांडेय (लखनऊ जोन), स्वाति कौशिक (मेरठ जोन) और गुलाब सिंह (वाराणसी जोन) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा सहायक नियंत्रक (एसी) कुमार नीरज सिंह (लखनऊ संभाग), प्रणीता तिवारी (कानपुर संभाग), अन्य संभागों के सहायक नियंत्रक तथा कानपुर जोन के सभी विधिक माप विज्ञान अधिकारी बैठक में शामिल हुए।






