बाबा विश्वनाथ के दरबार में अनंत अंबानी ने नवाया शीश, मां अन्नपूर्णा मंदिर में हुआ विशेष कुमकुम पूजन

वाराणसी23नवंबर :रिलायंस इंडस्ट्रीज के निदेशक अनंत अंबानी सोमवार को धर्म नगरी काशी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा के दरबार में हाजिरी लगाई तथा विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर मंगलकामना की।
अपने काशी प्रवास के दौरान अनंत अंबानी सबसे पहले श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार विधि से पूजन-अर्चन किया। गर्भगृह में दर्शन के पश्चात उन्होंने धाम परिसर का अवलोकन किया और मंदिर के स्वर्ण शिखर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इसके उपरांत वे मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर प्रशासन की ओर से 21 वैदिक ब्राह्मणों ने स्वस्तिवाचन और मंत्रोच्चार के साथ उनका भव्य स्वागत किया। मंदिर के अर्चक पप्पू जी के आचार्यत्व में उनका विशेष कुमकुम पूजन संपन्न कराया गया। अनुष्ठान के बाद उन्होंने मां अन्नपूर्णा के चरणों में शीश नवाया। पूजन के समापन पर मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें माता का प्रसाद व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
मंदिर से बाहर निकलते समय अनंत अंबानी को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। उन्होंने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ माहौल को शिवमय कर दिया।






