ताज़ातरीन

सीएम योगी की मां सावित्री देवी पंचतत्व में विलीन, चंडी घाट पर उमड़ा जनसैलाब

हरिद्वार 21नवंबर :उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गईं। हरिद्वार के चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री के सबसे छोटे भाई महेंद्र मोहन ने नम आंखों से पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई के इस भावुक क्षण में सीएम योगी स्वयं उपस्थित रहे और उन्होंने चिता की परिक्रमा कर अपनी पूज्य माता को अंतिम प्रणाम किया।

अर्थी को दिया कंधा, रात भर पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे योगी

शनिवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचूर से सावित्री देवी की अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हुई। इस दौरान सीएम योगी ने स्वयं अपनी मां की अर्थी को कंधा दिया। इससे पूर्व शुक्रवार शाम पंचूर पहुंचने के बाद से ही वे रात भर माताजी के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे और अंतिम दर्शन के दौरान बेहद भावुक नजर आए। चंडी घाट पर अंत्येष्टि के समय स्थानीय नागरिकों, संतों और समर्थकों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। ‘सावित्री देवी अमर रहें’ के नारों के बीच हर किसी की आंखें नम दिखीं।

यूपी-उत्तराखंड के दिग्गजों और संत समाज ने दी श्रद्धांजलि

शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की राजनीति तथा संत समाज की कई प्रमुख हस्तियां चंडी घाट पहुंचीं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष रूप से अंत्येष्टि में शामिल हुए। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधिमंडल में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री सतीश शर्मा और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव चार्टर विमान से हरिद्वार पहुंचे।

बाबा रामदेव बोले- वे ‘राष्ट्रमाता’ के गौरव के समान

अंतिम संस्कार में योग गुरु बाबा रामदेव, गोरखपुर के सांसद रवि किशन, उत्तराखंड सरकार के कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और विभिन्न अखाड़ों के प्रमुख संत-महंत भी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि सावित्री देवी को केवल एक साधारण मां के रूप में नहीं, बल्कि ‘राष्ट्रमाता’ के गौरव के रूप में देखा जाता है।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button