एक-दो महीने में पूरी होंगी काशी की मेगा परियोजनाएं, जल्द होगा लोकार्पण,नवागत मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने संभाला कार्यभार, गिनाईं प्राथमिकताएं

देव दीपावली पर बढ़ेगी दीपों की संख्या, लेजर और ड्रोन शो होंगे मुख्य आकर्षण
28 नवंबर से शुरू होगा काशी तमिल संगमम-5, ‘तिरुक्कुरल’ होगी मुख्य थीम
वाराणसी18नवंबर :काशी में निर्माणाधीन प्रमुख विकास परियोजनाओं को अब रफ्तार मिलेगी। गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रोपवे, बाबतपुर एयरपोर्ट विस्तार और रिंग रोड समेत अन्य लंबित परियोजनाओं को अगले एक से दो महीने के भीतर पूरा कर इनका लोकार्पण कराया जाएगा। यह जानकारी नवागत मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में दी।
मंडलायुक्त ने कहा कि काशी अब पूर्वांचल की राजधानी के रूप में तेजी से उभर रही है। यहां उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही अन्य राज्यों और विदेशों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु व पर्यटक आते हैं। ऐसे में शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने विशेष रूप से शहर और गंगा घाटों की स्वच्छता, सुगम यातायात, स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। लोकार्पण की तिथियां जल्द ही सार्वजनिक की जाएंगी।
देव दीपावली पर दिखेगा भव्यता का नया स्वरूप
आगामी देव दीपावली की तैयारियों पर चर्चा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि इस बार का आयोजन पहले से कहीं अधिक भव्य और दिव्य होगा। गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर प्रज्वलित होने वाले दीपों की संख्या में वृद्धि की जाएगी। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए भव्य लेजर शो और ड्रोन शो का भी आयोजन होगा। भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर वाहन पार्किंग, यातायात रूट और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने संकेत दिए कि इस आयोजन में केंद्र सरकार के एक शीर्ष वीआईपी समेत प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है, जिसकी औपचारिक सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
काशी तमिल संगमम में गूंजेगा ‘तिरुक्कुरल’ का संदेश
मंडलायुक्त ने बताया कि 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन की मुख्य थीम लगभग दो हजार वर्ष पुराने प्राचीन तमिल ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ पर केंद्रित होगी। इसके माध्यम से ग्रंथ की विचारधारा और समृद्ध साहित्यिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले चार संस्करणों के अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार कार्यक्रम में कई नए प्रयोग और नवाचार देखने को मिलेंगे।
प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताएं
प्रोजेक्ट डेडलाइन: रोपवे, गंजारी स्टेडियम, एयरपोर्ट विस्तार व रिंग रोड का काम 1-2 माह में पूर्ण करना।
बुनियादी सुविधाएं: घाटों व शहर की सफाई, ट्रैफिक सुधार, स्वास्थ्य और शिक्षा का सुदृढ़ीकरण।
देव दीपावली: अतिरिक्त दीपदान, लेजर-ड्रोन शो और वीआईपी मूवमेंट के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान।
सांस्कृतिक आयोजन: काशी तमिल संगमम-5 में नवाचार और ‘तिरुक्कुरल’ की विरासत का प्रचार।






