‘केशव चाचा बाहर आओ’ के नारों के साथ डिप्टी सीएम आवास का घेराव, पुलिस ने अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया

लखनऊ 16नवंबर :राजधानी में सोमवार को 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती (2018) में आरक्षण विसंगतियों को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा। पिछले 79 दिनों से आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने सुबह करीब 11 बजे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन धरना स्थल भेज दिया।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी “केशव चाचा बाहर आओ” के नारे लगाते हुए भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने और आरक्षण की गड़बड़ियों को दूर करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने जब उन्हें हटाने की कोशिश की, तो कई अभ्यर्थी विरोध जताते हुए सड़क पर ही लेट गए। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें घसीटते हुए बसों तक ले गए और हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
OBC आरक्षण की अनदेखी का आरोप
अभ्यर्थियों का आरोप है कि 2018 की इस शिक्षक भर्ती में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को नियमानुसार मिलने वाली 5 प्रतिशत अंकों की छूट का लाभ नहीं दिया गया। इसके चलते हजारों पात्र अभ्यर्थी चयन सूची से बाहर हो गए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीधे हस्तक्षेप और मुलाकात की मांग करते हुए कहा कि सरकार जल्द से जल्द संशोधित परिणाम जारी कर अटकी हुई नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाए।
अभ्यर्थियों की 4 प्रमुख मांगें:
आयोग के आदेश लागू हों: राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेशों और सामाजिक न्याय एवं सद्भाव समिति की सिफारिशों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए।
संशोधित परिणाम जारी हो: ओबीसी अभ्यर्थियों को 5 प्रतिशत की छूट देते हुए 150 में से 60 अंक (40%) के मानक पर भर्ती का परिणाम दोबारा संशोधित किया जाए।
खाली पदों पर नियुक्ति: भर्ती में खाली पड़े 23 हजार से अधिक पदों (जिनमें करीब 9 हजार पद ओबीसी वर्ग के हैं) को भरने के लिए तत्काल नियुक्ति शेड्यूल जारी किया जाए।
दोषियों पर कार्रवाई: भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण नियमों की अनदेखी और विसंगतियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाए।






