पूर्वांचल

चौबेपुर में बाबा साहब, भगवान बुद्ध व मां काली की प्रतिमाओं से छेड़छाड़, मुकदमा दर्ज; आरोपियों की तलाश में जुटीं पुलिस टीमें

चौबेपुर /वाराणसी 01अगस्त : क्षेत्र के गौरडीह गांव में शुक्रवार देर रात अराजक तत्वों द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर, तथागत भगवान बुद्ध एवं मां काली की प्रतिमाओं से छेड़छाड़ किए जाने की घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया और मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।

शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने घटना देखी, तो उन्होंने तुरंत चौबेपुर पुलिस को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही चौबेपुर पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर चोलापुर और सारनाथ थानों की पुलिस फोर्स भी घटनास्थल पर तैनात कर दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस अधिकारी लगातार ग्रामीणों से संवाद कायम कर रहे हैं।

संबंधित धाराओं में मामला दर्ज, कई टीमें गठित

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित राजकुमार भारती की तहरीर के आधार पर तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के त्वरित अनावरण और आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस, स्थानीय इनपुट और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने दिया नई प्रतिमाएं लगाने का आश्वासन

घटना के बाद उत्पन्न तनाव को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने गांव के संभ्रांत लोगों के साथ बैठक की और शांति तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं के स्थान पर शीघ्र ही नई प्रतिमाएं स्थापित कराई जाएंगी।

प्रशासन के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने संयम बनाए रखने और पुलिस जांच में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। हालांकि, स्थानीय ग्रामीण बच्चेलाल गौतम, पन्ना लाल गौतम, बांसराज गौतम, राजकुमार गौतम, दुर्गा देवी, शीला, मलाकी देवी, निर्मला, राम आश्रय प्रसाद, जीउत राम एवं राजनारायण सहित दर्जनों लोगों ने प्रशासन से मांग की कि नई प्रतिमाओं की स्थापना जल्द से जल्द कराई जाए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।

मौके पर शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, चोलापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम तथा सारनाथ थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी अपनी-अपनी टीमों के साथ देर तक गांव में डटे रहे। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में और शांत है।

Prabandh Sampadak chandrashekhar Singh

Prabhand Sampadak Of Upbhokta ki Aawaj.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button