वाराणसी: हेरिटेज मेडिकल कॉलेज के 40 वर्षीय यूरोलॉजिस्ट डॉ. शुभंकर गौतम ने दी जान, कमरे में बैठा मिला शव

वाराणसी13 सितंबर :जिले के प्रमुख निजी शिक्षण संस्थान ‘हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस’ (HIMS) में कार्यरत 40 वर्षीय यूरोलॉजिस्ट डॉ. शुभंकर गौतम ने शनिवार रात अपने हॉस्टल के कमरे में कथित तौर पर एनेस्थीसिया का ओवरडोज लेकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से पटना (बिहार) के रहने वाले डॉ. शुभंकर का शव हॉस्टल के कमरा नंबर 802 में बेड पर बैठी हुई अवस्था में मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. शुभंकर ने शनिवार सुबह ओपीडी में मरीजों का इलाज किया था। इसके बाद वह कैंपस स्थित अपने कमरे में चले गए। बताया जा रहा है कि शाम के समय उनका फोन पर अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (OT) गए, जहां से सिरिंज और दवा की कुछ शीशियां लेकर वापस कमरे में लौट आए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
मेस नहीं पहुंचने पर साथी डॉक्टरों को हुआ शक
रात करीब 10 बजे जब डॉ. शुभंकर खाना खाने मेस नहीं पहुंचे, तो साथी डॉक्टरों ने उन्हें फोन किया। बार-बार कॉल करने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो सहकर्मी सुरक्षा गार्ड को लेकर उनके कमरे पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई आहट न होने पर गार्ड ने दरवाजा तोड़ा।
अंदर का दृश्य देखकर सहकर्मी स्तब्ध रह गए। डॉ. शुभंकर बेड पर सिर झुकाए बैठी हुई हालत में बेसुध पड़े थे। पास ही पॉलिथीन में इस्तेमाल की गई सिरिंज और दवा की खाली शीशी पड़ी थी। डॉक्टरों द्वारा जांच किए जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एम्स से पढ़े थे डॉक्टर, 5 साल पहले हुई थी शादी
डॉ. शुभंकर गौतम ने प्रतिष्ठित संस्थान एम्स (AIIMS) से MS और MCh की उच्च डिग्री हासिल की थी और वह पिछले 3 सालों से हेरिटेज मेडिकल कॉलेज में बतौर यूरोलॉजिस्ट सेवाएं दे रहे थे। उनकी शादी 5 साल पहले हुई थी, लेकिन वह वाराणसी में अकेले ही रहते थे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस कमरा सील कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि डॉ. शुभंकर ने हाथ में एनेस्थीसिया का ओवरडोज इंजेक्शन लगाकर जान दी है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों और दवा के नाम की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।





