रोहनिया विधायक ने 194 दिव्यांगजनों को बांटे सहायक उपकरण व मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

रोहनिया /वाराणसी19नवंबर :खुशीपुर स्थित अमरावती पुरुषोत्तम राजकीय बहुउद्देशीय दिव्यांग संस्थान में गुरुवार को जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने 15 दिव्यांगजनों को निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल और 179 दिव्यांगजनों को अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. सुनील पटेल और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। शिविर में लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, कान की मशीन (श्रवण यंत्र), बैसाखी, एमआर किट और आईडी किट वितरित किए गए।
इस अवसर पर विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पाकर दिव्यांगजन आत्मनिर्भर और सशक्त बन रहे हैं। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह ने सरकार व विधायक के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इन उपकरणों से दिव्यांगजनों को आवागमन और दैनिक कार्यों के संपादन में काफी सहूलियत मिलेगी।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत अधिकारी राम प्रकाश सिंह व संस्थान के प्रभारी रमेश सिंह ने किया। संचालन अरविंद सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन सौरभ सिंह ने किया। इस मौके पर अजीत पटेल, नरेंद्र पटेल, मानस सिंह, राजकुमार वर्मा, श्याम बली पटेल, विनोद पटेल, कमलेश कुमार, माधुरी सिंह, प्रदीप यादव, आलोक त्रिपाठी, अनीता यादव, प्रदीप उपाध्याय, विनोद कुमार मौर्य और रिंकू कमलेश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






