विद्युत विभाग :तूफान ‘अकवान’ और देव दीपावली को लेकर बिजली विभाग अलर्ट, एमडी ने की समीक्षा बैठक

वाराणसी19 नवंबर:संभावित चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के खतरे और आगामी देव दीपावली पर्व को देखते हुए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) पूरी तरह सतर्क हो गया है। गुरुवार को डिस्कॉम मुख्यालय में प्रबंध निदेशक (एमडी) संदीप कुमार ने वाराणसी, चंदौली और मिर्ज़ापुर परिक्षेत्र के अधिशासी अभियंता स्तर के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।
आपात स्थिति से निपटने के निर्देश
बैठक में एमडी ने संभावित तूफान ‘अकवान’ के कारण होने वाले संभावित नुकसान और विद्युत व्यवधान से निपटने की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आपदा या फॉल्ट की स्थिति में बिजली आपूर्ति को कम से कम समय में बहाल करने के लिए त्वरित कार्रवाई दल तैयार रखे जाएं। इसके साथ ही सभी डिवीजनों में आवश्यक सामग्री, पोल, तार और ट्रांसफार्मर आदि की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के आदेश दिए गए।
देव दीपावली पर रहेगी निर्बाध आपूर्ति
इसी क्रम में विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली महोत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एमडी ने निर्देशित किया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन की सुविधा के लिए पूरे क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से घाटों, प्रमुख आयोजन स्थलों और आसपास के संपर्क मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पुख्ता विद्युत सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






