गंगापुर परिसर में अनियमितताओं के विरोध में विद्यार्थी परिषद का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

विभिन्न शैक्षणिक व प्रशासनिक मांगों को लेकर फूटा छात्रों का गुस्सा
मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने की दी चेतावनी
राजातालाब/वाराणसी19नवंबर :महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गंगापुर परिसर में व्याप्त शैक्षणिक और प्रशासनिक अनियमितताओं के विरोध में गुरुवार से छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) गंगापुर इकाई के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने परिसर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
धरने का नेतृत्व कर रहे विभाग संयोजक राजमंगल सिंह ने प्रशासन पर छात्रों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए दो टूक कहा कि जब तक उनकी जायज मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, यह अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि छात्रहित के मुद्दों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रमुख मांगें, जिन पर अड़े हैं छात्र:
शैक्षणिक व परीक्षा संबंधी: ललित कला (2020 बैच) का लंबित परीक्षा परिणाम तत्काल घोषित किया जाए, परीक्षा परिणामों में व्याप्त त्रुटियों में सुधार हो और कृषि संकाय में स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। साथ ही शोध प्रबंध (थीसिस) में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो।
प्रशासनिक जवाबदेही: संकाय स्थानांतरण और महिला छात्रावास को ध्वस्त किए जाने के मामले में जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए।
मूलभूत सुविधाएं व योजनाएं: वर्ष 2021 बैच से लेकर वर्तमान बैच तक के सभी पात्र विद्यार्थियों को ‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना’ (टैबलेट/स्मार्टफोन) का लाभ दिया जाए। इसके अलावा बालक छात्रावास का आवंटन, कृषि छात्रों के लिए फील्ड व प्रयोगशाला की कमी को दूर करने, परिसर में व्यवस्थित वाहन पार्किंग और शुद्ध पेयजल के लिए वाटर कूलर लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
धरना-प्रदर्शन के दौरान परिसर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस मौके पर हर्ष सिंह, शिवम पांडेय, आकृति, रजनीश तिवारी, विवेक, रजत, सतीश, सोनम, अनीशा, चंद्रभूषण, प्रतीक, आकाश, मुस्कान और समीरा समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।






