वाराणसी में डोसा दुकान पर दो युवतियों का हंगामा, सड़क पर फेंका सामान; रंगदारी और तोड़फोड़ का आरोप

वाराणसी 16नवंबर : भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर इलाके में शनिवार रात एक डोसा की दुकान पर दो युवतियों द्वारा जमकर हंगामा करने और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवतियों द्वारा दुकान का सामान सड़क पर फेंका और मारपीट की जाती दिख रही है। पुलिस ने दुकानदार की तहरीर पर दो अज्ञात युवतियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रंगदारी मांगने और विरोध पर मारपीट का आरोप
पीड़ित दुकानदार के अनुसार, शनिवार रात करीब आठ बजे दोनों युवतियां काले रंग की एक्टिवा से दुकान पर पहुंचीं। आरोप है कि उन्होंने आते ही रंगदारी की मांग शुरू कर दी। जब दुकानदार ने रुपये देने से इनकार किया, तो युवतियों ने गुस्से में आकर दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की और काउंटर पर रखा सामान उठाकर सड़क पर फेंक दिया।
दुकानदार का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर युवतियों ने कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों के साथ मारपीट की, जिसमें कुछ बच्चों को भी चोटें आईं। जाते समय गल्ले से नकदी निकालने की कोशिश करने के साथ ही उन्होंने जान से मारने की धमकी दी और झूठे मुकदमे में फंसाने की बात भी कही।
वायरल वीडियो में पिता की पिटाई का जिक्र
घटना के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में ऑडियो रिकॉर्डिंग भी कैद हुई है। वायरल फुटेज के ऑडियो में एक युवती यह कहते हुए सुनाई दे रही है कि “मेरे पापा को इन लोगों ने मारा है और इन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।” इसके तुरंत बाद दुकान में तोड़फोड़ और हंगामा शुरू होता दिखाई देता है। इससे घटना के पीछे पुराने किसी विवाद या आपसी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है।
प्रभावी परिवार से संबंध होने का दावा
दुकानदार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि जाते समय युवतियों ने अपना संबंध सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा निवासी मनोज चौरसिया, मंटू चौरसिया और सुजल चौरसिया के परिवार से बताया। हालांकि, स्थानीय पुलिस ने अभी तक युवतियों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस बोली- मुकदमा दर्ज, साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि दुकानदार की तहरीर के आधार पर दो अज्ञात युवतियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुकानदार द्वारा उपलब्ध कराए गए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को आधार बनाकर पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। जांच के दौरान युवतियों की पहचान सुनिश्चित होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






